, July 26 -- माॅस्को, 26 जुलाई, (स्पूतनिक/वार्ता) होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने पर सहयोग बनाने की दिशा में ब्रिटेन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ संबंधों को बेहतर करने की कोशिश कर रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री कीर स्टारमर के कार्यकाल में दोनों देशों के संबंधों में काफी खटास हो गई थी।

गौरतलब है कि श्री स्टारमर ने श्री ट्रंप के अनुरोध के बावजूद होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही बहाल करने के लिए युद्धपोत भेजने से इनकार कर दिया था। श्री ट्रंप ने इसके बाद कहा था कि ईरान के खिलाफ अभियान में सहायता करने से गठबंधन के इनकार करने के बाद वह नाटो से अमेरिका को बाहर निकालने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं।

रिपोर्टों के अनुसार रक्षा मंत्री वेस स्ट्रीटिंग होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए संयुक्त कार्य के साथ-साथ सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण का वादा कर श्री ट्रंप के साथ ब्रिटेन के संबंधों को सुधारने की मांग कर रहे हैं।

श्री स्ट्रीटिंग के करीबी सूत्र के हवाले से रिपोर्ट दी गई है कि रक्षा मंत्री ने अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के साथ 'सौहार्दपूर्ण' बातचीत की है, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति पर चर्चा की गयी है।

श्री स्ट्रीटिंग ने विशेष रूप से, अपने अमेरिकी समकक्ष के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षा के लिए अंतरराष्ट्रीय गठबंधन बनाने में सहयोग पर लंदन में सम्मेलन आयोजित करने की संभावना पर चर्चा की है। इसके अलावा दोनों नेताओं ने नाटो के भीतर ब्रिटेन की रक्षा खर्च प्रतिबद्धताओं पर भी चर्चा की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित