चंडीगढ़ , अप्रैल 03 -- हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी ने नयी शिक्षा नीति के तहत सेकेण्डरी और सीनियर सेकेण्डरी परीक्षाओं को लेकर बड़ा निर्णय लिया है जिसके तहत अब विद्यार्थियों को वर्ष में दो बार परीक्षा देने का अवसर देगा, जिससे वे अपने अंकों में सुधार कर सकें।
बोर्ड के अनुसार फरवरी/ मार्च 2026 की वार्षिक परीक्षाएं समाप्त हो चुकी हैं। ऐसे विद्यार्थी जो अपने परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं, उन्हें अंक सुधार का मौका दिया जाएगा। इच्छुक परीक्षार्थी चार से 10 अप्रैल 2026 तक द्वितीय परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
विद्यार्थी अधिकतम तीन विषयों में पुनः परीक्षा दे सकेंगे (अतिरिक्त विषय को छोड़कर)। इसके लिए 1000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है और आवेदन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से करना होगा।
इसके अलावा जो विद्यार्थी गंभीर बीमारी चोट खेल या सांस्कृतिक गतिविधियों के कारण मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं हो सके, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑफलाइन आवेदन कर परीक्षा में बैठ सकते हैं। हालांकि, जो परीक्षार्थी सभी विषयों में अनुपस्थित रहे हैं, उनके आवेदन को अमान्य कर दिया जाएगा।
बोर्ड ने बताया कि परीक्षा तिथियों की घोषणा जल्द की जाएगी। किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 01664-254300 जारी किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित