पटना , मई 08 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने सम्राट मंत्रिमंडल में शामिल मंत्रियों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि नयी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार में बिहार के विकास को नयी दिशा मिलेगी। श्री मिश्र ने शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि सम्राट सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन पर चलकर विकास पुरुष के रूप में लोकप्रिय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सपनों को साकार करेगी। उन्होंने कहा कि बिहार शीघ्र ही देश के विकसित राज्यों में शामिल होगा।
श्री मिश्र ने कहा कि सम्राट सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी का विशेष ख्याल रखा गया है। दलित, अतिपिछड़ा, पिछड़ा और सवर्ण वर्ग की उचित भागीदारी दी गयी है।
भाजपा नेता श्री मिश्र ने कहा कि महिला सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकता है। नयी सरकार में पांच महिलाएं शामिल हैं, जो बिहार के विकास में सहभागी बनेंगी। नयी सरकार में अनुभव और उत्साह का सुंदर समन्वय है।विकास को रफ्तार देने के लिए अनुभव के साथ उत्साह और जोश का होना जरूरी है।
श्री मिश्र ने कहा कि सुशासन की सरकार में अपराधियों की जगह सिर्फ जेल में होगी। एनडीए सरकार क्राइम, करप्शन और कम्युनिलिज्म से कभी समझौता नहीं करेगी। बिहार में सुशासन कायम रहेगा। विधि-व्यवस्थि सख्त रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित