बेंगलुरु/नयी दिल्ली , मई 29 -- कर्नाटक के निवर्तमान उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने शुक्रवार को स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य में नयी कैबिनेट के गठन या नेतृत्व में बदलाव को लेकर अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है।

श्री शिवकुमार ने नयी दिल्ली में संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक शनिवार को बुलाई गई है और आलाकमान के साथ चर्चा अभी भी जारी है और सभी विधायकों को बैठक के लिए बेंगलुरु में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने कहा, "सब कुछ आलाकमान के निर्देश के अनुसार हो रहा है। अभी कुछ भी तय नहीं हुआ है। शनिवार को हमने सीएलपी की बैठक बुलाई है। उसमें हमारे केंद्रीय नेता आएंगे। हमें अपने आलाकमान के साथ चर्चा करनी है। हमने सभी विधायकों से बेंगलुरु में मौजूद रहने को कहा है। इसके अलावा और कुछ नहीं है।" ये घटनाक्रम मुख्यमंत्री सिद्दारमैया द्वारा अपने पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद सामने आए हैं, जिससे कांग्रेस-शासित राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।सरकार गठन के अगले कदमों पर विचार-विमर्श करने के लिए शुक्रवार को नयी दिल्ली में श्री सिद्दारमैया, श्री शिवकुमार और केजे जॉर्ज सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की एक उच्च-स्तरीय बैठक हुई। श्री शिवकुमार ने पार्टी के अन्य नेताओं के साथ भी अलग से चर्चा की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित