रायपुर , मई 12 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नवा रायपुर स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान में सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी सेंध का मामला मंगलवार को सामने आया है। संस्थान के हॉस्टल परिसर से अज्ञात चोरों ने 15 से अधिक लैपटॉप चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार यह घटना राखी थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित ट्रिपल आईटी परिसर में उस समय हुई जब अधिकांश छात्र परीक्षा में शामिल होने के लिए अपने कमरों से बाहर गए हुए थे। इसी खालीपन का फायदा उठाकर चोरों ने हॉस्टल में प्रवेश किया और छात्रों के कमरों से कीमती लैपटॉप लेकर फरार हो गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को कामगार या संस्थान से जुड़े कर्मचारी के रूप में प्रस्तुत कर परिसर में दाखिल हुए थे। सुरक्षा कर्मियों को भ्रमित कर वे आसानी से हॉस्टल क्षेत्र तक पहुंचने में सफल रहे और वारदात को अंजाम दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही संस्थान प्रबंधन ने तत्काल सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में कुछ संदिग्ध युवक बैग लेकर हॉस्टल परिसर से बाहर जाते हुए कैमरों में दिखाई दिए हैं। इन्हीं फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी हुई है।

छात्रों का कहना है कि चोरी की यह घटना सुनियोजित तरीके से की गई प्रतीत होती है, क्योंकि परीक्षा अवधि के दौरान हॉस्टल अपेक्षाकृत खाली रहता है, जिसका फायदा चोरों ने उठाया।

फिलहाल राखी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। संस्थान प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समीक्षा कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित