चंडीगढ़ , मार्च 06 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने शुक्रवार को कहा कि आठ मार्च को नया बजट पेश करने से पहले आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार को पिछले वर्ष के बजट में किये गये वादों और घोषणाओं का पूरा हिसाब पंजाब की जनता के सामने रखना चाहिए। श्री चुघ ने कहा कि मान सरकार ने राज्य में नशे से पीड़ित लोगों का वास्तविक आंकड़ा जुटाने के लिए 150 करोड़ रुपये की लागत से ड्रग गणना कराने की घोषणा की थी, लेकिन आज तक इस योजना पर एक रुपये का भी खर्च नहीं हुआ। इसी तरह पूरे राज्य में 3000 इंडोर जिम स्थापित करने और 13 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस को अपग्रेड करने की घोषणाएं भी केवल कागजों तक सीमित रह गयी हैं, जिससे बजट में घोषित राशि के उपयोग पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने अमृतसर में 'पीएम एकता मॉल' के निर्माण के लिए 159 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करायी थी और राज्य सरकार ने भी इस परियोजना के लिए अतिरिक्त धन खर्च करने का दावा किया था, लेकिन आज तक इस प्रोजेक्ट के लिए जमीन तक तय नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि नंगल को इको-टूरिज्म हब के रूप में विकसित करने, डेरा बस्सी, खन्ना और पातरां में नये कोर्ट कॉम्प्लेक्स बनाने तथा विभिन्न जिलों में टेक्नोलॉजी एक्सटेंशन सेंटर स्थापित करने जैसी घोषणाएं भी अब तक अधूरी पड़ी हैं।

श्री चुघ ने कहा कि गांवों में 2.5 लाख स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 115 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था, लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी कईगांवों और कस्बों में अंधेरा ही अंधेरा है। उन्होंने याद दिलाया कि 2022 के चुनावों में आम आदमी पार्टी ने किसानों को सभी फसलों पर एमएसपी देने कावादा किया था, लेकिन आज तक किसी भी राज्य बजट में इसके लिए एक रुपये का भी प्रावधान नहीं किया गया।

महिलाओं को 1000 रुपये प्रति माह देने की संभावित योजना पर श्री चुघ ने कहा कि यदि यह घोषणा की जाती है तो यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि इस योजना को लागू करने में चार साल क्यों लग गये। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या मान सरकार उन 48 महीनों का बकाया भी पंजाब की महिलाओं को देगी, जिनके लिए यह वादा किया गया था। उन्होंने कहा कि नया बजट पेश करने से पहले पंजाब की जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि पिछले बजट में घोषित योजनाओं और आवंटित करोड़ों रुपये का आखिर क्या हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित