झुंझुनू , जुलाई 10 -- राजस्थान में झुंझुनू जिले के सूरजगढ़ क्षेत्र के घरडू गांव निवासी नौसेना के जवान कुलदीप दिवाच (27) की मुंबई में हादसे में मौत हो गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुलदीप दिवाच की पोस्टिंग मुंबई में थी। छह जुलाई की सुबह आठ बजे वह स्कूटी से ड्यूटी जा रहे थे। उसी दौरान तेज अंधड़ से एक पेड़ टूटकर उन पर गिर गया। हादसे में कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गये। नौ जुलाई को इलाज के दौरान मुंबई में उनकी मौत हो गयी।

गुरुवार को लेफ्टिनेंट कमांडर रजत तोमर के नेतृत्व में दिल्ली और मुंबई से भारतीय नौसेना के जवानों की एक टुकड़ी विशेष वाहन से दिल्ली से पार्थिव देह लेकर सूरजगढ़ पहुंची थी। शुक्रवार सुबह सूरजगढ़ थाने से जवान कुलदीप के पैतृक गांव तक तीन किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गयी। रास्ते भर में जवान के अंतिम दर्शनों के लिए सामाजिक संगठनों के लोगों, स्कूली बच्चे और आमजन पहुंचे।

गांव से श्मशान घाट तक नेवी बैंड के साथ अंतिम यात्रा निकाली गयी। श्मशान घाट पर जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। दोपहर करीब एक बजे बड़े भाई प्रदीप ने मुखाग्नि दी। सूरजगढ़ विधायक श्रवण सिंह ने बताया कि 10 जुलाई को ही कुलदीप का जन्मदिन है। 10 जुलाई को ही उनका नेवी में चयन हुआ था और अन्तिम संस्कार भी 10 जुलाई को ही हुआ है। हमें कुलदीप पर गर्व है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित