अलवर , नवम्बर 09 -- राजस्थान में अलवर की राजनीति के स्तंभ और राठ क्षेत्र की राजनीति के कद्दावर नेता, बहरोड़ विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. जसवंत यादव को सोमवार को उनके पैतृक गांव सिलपट्टा में नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई।

डाॅ यादव के अंतिम संस्कार में राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्र की कई हस्तियां शामिल हुईं। अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच पूरे गांव में शोक का माहौल नजर आया।

डॉ. यादव के पुत्र मोहित यादव ने पिता की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी। इस भावुक पल में वहां मौजूद परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों की आंखें नम हो गईं। अंतिम संस्कार के दौरान समर्थकों ने 'डॉ. जसवंत यादव जिंदाबाद' और 'डॉ. जसवंत यादव अमर रहें' के नारे लगाकर अपने नेता को श्रद्धांजलि दी। राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने भी डॉ. यादव की पार्थिव देह को कंधा देकर अंतिम विदाई में अपनी सहभागिता निभाई।

इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हेलीकॉप्टर से शिलपट्टा गांव पहुंचे और श्रद्धांजलि सभा स्थल पर डॉ. यादव के अंतिम दर्शन करके पुष्प अर्पित किए। उन्होंने डा यादव के पुत्र मोहित यादव और शोकाकुल परिवार के सदस्यों से मुलाकात करके संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव सहित कई नेता और जनप्रतिनिधि भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। भारी भीड़ को देखते हुए गांव में पुलिस की व्यापक तैनाती रही।

डॉ. यादव का जाना अलवर और राठ क्षेत्र की राजनीति के लिए एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है। लंबे राजनीतिक सफर में उन्होंने क्षेत्र की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई थी। अंतिम विदाई के दौरान उमड़े जनसैलाब और समर्थकों के नारों ने उनके प्रति लोगों के जुड़ाव को बयां किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित