नैनीताल , मार्च 18 -- मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करें। जिससे लागत में वृद्धि न हो। उन्होंने नमो भवन परियोजना में देरी पर नाराजगी जताते हुए विस्तृत रिपोर्ट तलब की।
बुधवार को विकास कार्यों कि समीक्षा बैठक करते हुए श्री बर्द्धन ने ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा आने पर उसका तत्काल समाधान किया जाए और आवश्यकता होने पर शासन स्तर पर समाधान किया जाए।
डॉ. आर.एस. टोलिया प्रशासनिक अकादमी, नैनीताल में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने सभी विभागों को मासिक लक्ष्य तय कर नियमित मॉनिटरिंग करने, लंबित टेंडर और तकनीकी स्वीकृतियों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी को परियोजनाओं की लगातार समीक्षा करने को कहा।
उन्होंने आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग को चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। पार्किंग, ट्रैफिक, स्ट्रीट लाइट जैसी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने कैंची धाम सौंदर्यीकरण, जमरानी बांध, बलियानाला उपचार, बस टर्मिनल निर्माण, हल्द्वानी सीवरेज योजना और नमो भवन जैसे कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने को कहा। नमो भवन परियोजना में देरी पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए विस्तृत रिपोर्ट तलब की।
पेयजल योजनाओं की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए गए कि गर्मी के मौसम से पहले जल जीवन मिशन सहित सभी योजनाओं को समय पर पूरा किया जाए। साथ ही एलपीजी गैस की होम डिलीवरी और व्यवसायिक सिलेंडरों की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने सीएम हेल्पलाइन और जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए और आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजे जाएं।
बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले में चल रहे विकास कार्यों और प्रशासनिक प्रयासों की जानकारी दी। इस दौरान आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित