चंडीगढ़ , सितंबर 21 -- हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के तहत नमो क्रिकेट लीग के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया जा रहा है।

सोमवार को कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने गुरुग्राम के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में आयोजित लीग में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। वहीं कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने सोनीपत के गांव महलाना और झज्जर के गांव नूना माजरा में लीग के समापन समारोह में हिस्सा लिया।

श्री गोयल ने कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। गुरुग्राम में चार दिवसीय प्रतियोगिता में 96 टीमें हिस्सा ले रही हैं। लीग के माध्यम से 'नशे को ना, क्रिकेट को हां' का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

डॉ. शर्मा ने कहा कि हरियाणा के गांवों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उचित प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलने पर गांवों के खेल मैदानों से भविष्य के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकल सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।

उन्होंने खिलाड़ियों को नशा विरोधी शपथ भी दिलाई। डॉ. शर्मा ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, मेहनत, टीम भावना और असफलताओं से उबरने की सीख देते हैं। महलाना में उन्होंने स्वयं क्रिकेट मैदान पर बल्लेबाजी कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित