स्टॉकहोम , अगस्त 26 -- स्वीडन में भारतीय संस्कृति को समर्पित सबसे बड़े नियमित आयोजनों में शामिल 'नमस्ते स्टॉकहोम' ने अपनी दसवीं वर्षगांठ मनायी।
इंडिया अनलिमिटेड ने स्वीडन स्थित भारतीय दूतावास और समारोह के सहयोगी संस्थानों के साथ मिलकर मध्य स्टॉकहोम के कुंग्स्ट्रैडगार्डन में इस समारोह का आयोजन किया। इस वर्ष समारोह की थीम "मैत्री, संस्कृति, समुदाय और विविधता का उत्सव-स्वीडन और भारत को साथ लाना" थी। इस अवसर पर 18,000 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। समारोह में 500 से अधिक स्थानीय कलाकारों और 100 छात्र स्वयंसेवकों ने भाग लेकर भारत और स्वीडन के लोगों के बीच बढ़ते संबंधों को दर्शाया गया।
समारोह में संगीत, नृत्य, योग, खान-पान, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। भारतीय और स्वीडिश कलाकारों ने विभिन्न कार्यक्रमों में मिलकर प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम की प्रमुख प्रस्तुतियों में कथककंपानिएट का 'वॉटर डाउन गंगा', कुर्त्स्कोलन स्टॉकहोम के इंडियन यूथ ऑर्केस्ट्रा की फ्यूजन प्रस्तुति, पैलेस ऑन व्हील्स की उत्तर भारतीय शास्त्रीय संगीत प्रस्तुति और ओपेरा गायिका शार्लोटा हुल्ट की 'ओपेरा आ ला बॉलीवुड' शामिल रहीं। योग सत्रों का संचालन 'द आर्ट ऑफ लिविंग' के स्वामी ज्योतिर्मय ने किया।
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ द स्टॉकहोम रीजन, कुर्त्स्कोलन स्टॉकहोम, ब्लैकबर्ग्स जिम्नेजियम और उप्साला इंडियन क्वायर के युवा कलाकारों ने भी समारोह में हिस्सा लिया। स्वीडन की विदेश मंत्री मारिया माल्मर स्टेनरगार्ड ने 'नमस्ते स्टॉकहोम' की दसवीं वर्षगांठ पर आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि इस आयोजन ने दोनों देशों और उनके लोगों को करीब लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। उन्होंने कहा, " हमारे देशों के बीच आपसी विश्वास, साझा मूल्यों तथा नवाचार और सतत विकास के प्रति साझा प्रतिबद्धता पर आधारित मजबूत और दीर्घकालिक साझेदारी है। "श्री स्टेनरगार्ड ने बताया कि भारत में करीब 300 स्वीडिश कंपनियां मौजूद हैं, जो प्रत्यक्ष रूप से 2.20 लाख से अधिक लोगों को रोजगार देती हैं और पूरी मूल्य श्रृंखला में अप्रत्यक्ष रूप से 20 लाख से अधिक रोजगार का समर्थन करती हैं। सत्तर से अधिक भारतीय कंपनियों ने स्वीडन में अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच मजबूत हुई रणनीतिक साझेदारी से स्वास्थ्य सेवा, हरित उद्योग, डिजिटलीकरण, रक्षा और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा किया जा सकता है।
स्वीडन में भारतीय राजदूत अनुराग भूषण ने कहा कि 'नमस्ते स्टॉकहोम' की दसवीं वर्षगांठ दोनों देशों के बीच मजबूत होती मैत्री को दर्शाती है।
उन्होंने कहा, "आज स्टॉकहोम की सड़कों पर भारत की सभ्यतागत विरासत अपनी परंपराओं, स्वाद और वस्त्रों के माध्यम से जीवंत हो उठी है। "उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों की बुनियाद रखने वाले मानवीय जुड़ाव को मजबूत करती हैं।
समारोह में भारतीय हस्तशिल्प और वस्त्रों की प्रदर्शनी भी लगायी गयी, जिसमें 'एक जिला, एक उत्पाद' (ओडीओपी) पहल के उत्पाद शामिल थे। समारोह के खाद्य क्षेत्र में चाट, रोल, समोसा, तंदूरी व्यंजन, कुलचा, डोसा और इडली सहित विभिन्न शाकाहारी और वीगन व्यंजन परोसे गये। यह समारोह के सतत विकास पर केंद्रित दृष्टिकोण के अनुरूप था।
इंडिया अनलिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजू मल्होत्रा ने बताया कि इस महोत्सव की शुरुआत 2015 में भारतीय संस्कृति, खान-पान और हस्तशिल्प को प्रदर्शित करने तथा भारत को पर्यटन स्थल के रूप में बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गयी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित