लखनऊ , अगस्त 25 -- तेज गेंदबाज नमन तिवारी की धारदार गेंदबाजी ( 13 रन पर छह विकेट) और बाद में बल्लेबाजों के संयमित प्रदर्शन की बदौलत नोएडा किंग्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के सोमवार को खेले गए दूसरे वर्षा बाधित मुकाबले में गौर गोरखपुर लायंस को चार विकेट से हरा दिया।

इकाना स्टेडियम में बारिश और गीली आउटफील्ड के कारण मुकाबले को 18-18 ओवर का कर दिया गया था। गौर गोरखपुर लायंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 17.5 ओवर में 112 रन पर पूरी टीम गंवा दी। जवाब में नोएडा किंग्स ने 16.1 ओवर में छह विकेट पर 113 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।

मैच के हीरो नमन तिवारी रहे, जिन्होंने 3.5 ओवर में मात्र 13 रन देकर छह विकेट चटकाए। इस शानदार प्रदर्शन के साथ वह यूपी टी-20 लीग में एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज बन गए।

गोरखपुर लायंस की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ओवर में नमन तिवारी ने सलामी बल्लेबाज अभय प्रताप सिंह (10) को बोल्ड कर पहला झटका दिया। इसके बाद चौथे ओवर में उन्होंने कप्तान आर्यन जुयाल (2) को आउट कर गोरखपुर की मुश्किलें बढ़ा दीं। टीम शुरुआती झटकों से उबर भी नहीं पाई थी कि वंश ने सातवें ओवर में आर्यन चौधरी (15) और प्रिंस यादव (10) को आउट कर दिया। इसके बाद 13वें ओवर में नमन ने शिवम शर्मा (3) को विकेटकीपर आदित्य शर्मा के हाथों कैच कराया और इसी ओवर में सिद्धार्थ यादव (18) को कप्तान प्रशांत वीर के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेज दिया। निचले क्रम में पार्थ पहलावत (14) और अंकित चौधरी (14) ने कुछ देर संघर्ष किया, लेकिन टीम बड़े स्कोर तक नहीं पहुंच सकी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित