चमोली , सितंबर 19 -- उत्तराखंड के चमोली जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार देर रात पुलिस और विशेष अभियान समूह (एसओजी) की संयुक्त टीम ने जांच के दौरान एक व्यक्ति को 10 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ऑल्टो कार को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर कल रात कोतवाली चमोली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम नन्दप्रयाग-नन्दानगर मार्ग पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम ने ऑल्टो कार को रोककर तलाशी ली। वाहन से इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की 10 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से दिलबर सिंह पुत्र गोविन्द सिंह, निवासी ग्राम कुन्तरी, लगा फाली, थाना नन्दानगर, चमोली को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब को कब्जे में लेने के साथ तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित