भोपाल , मार्च 22 -- राजधानी भोपाल में नदी और तालाबों पर हो रहे अतिक्रमण के विरोध में स्थानीय लोगों ने आक्रोश जताते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
भोपाल के बाग मुगालिया एक्सटेंशन कॉलोनी विकास समिति के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी ने आरोप लगाया कि बड़े तालाब और कलियासोत नदी पर लगातार अतिक्रमण हो रहा है, जिससे जल स्रोतों को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि बड़े तालाब को भरने वाली नदियों पर भी अतिक्रमण के कारण उनका अस्तित्व संकट में है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रशासन को अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कलियासोत नदी को लेकर राष्ट्रीय हरित अधिकरण के निर्देशों के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है।
इस मुद्दे को लेकर बाग मुगालिया एक्सटेंशन कॉलोनी एवं आसपास के क्षेत्रों के महिला, पुरुष, युवा और बच्चों ने नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से नदी, तालाब, कुएं और बावड़ियों को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल स्रोतों का संरक्षण मानव जीवन और आने वाली पीढ़ियों के लिए अत्यंत आवश्यक है, इसलिए इस दिशा में तत्काल ठोस कार्रवाई की जानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित