हमीरपुर , जून 4 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुरुवार को नदी और तालाब में डूबने से तीन सगे भाई-बहन समेत पांच लोगों की मृत्यु हो गई। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार बिवार थाना क्षेत्र के छानीखुर्द गांव निवासी रमेश श्रीवास की पत्नी पार्वती अपने तीन बच्चों शिवेंद्र (10), रुद्रांश (7) और मांडवी (5) के साथ तालाब पर नहाने गई थीं। पार्वती तालाब किनारे कपड़े धोने में व्यस्त हो गईं, जबकि तीनों बच्चे नहाने के लिए तालाब में उतर गए। गहरे पानी में चले जाने के कारण तीनों बच्चे डूब गए।
कुछ देर बाद बच्चों के शव पानी में दिखाई दिए। सूचना मिलने पर परिजन बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छानी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक अन्य घटना सिसोलर थाना क्षेत्र में हुई। गांव निवासी 12 वर्षीय प्रकाश खंगार बुधवार को अचानक लापता हो गया था। उसके पिता रामबाबू ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की तलाश के दौरान गुरुवार दोपहर प्रकाश का शव गांव के पास स्थित तालाब में तैरता हुआ मिला। पुलिस के अनुसार प्रकाश मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसकी मृत्यु तालाब में डूबने से हुई।
तीसरी घटना में स्थानीय लक्ष्मीबाई तिराहा निवासी गोलू (17) अपने दो साथियों रमन और ईशू के साथ बेतवा नदी में नहाने गया था। नहाते समय तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद गोताखोरों की मदद से रमन और ईशू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि गोलू को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिला आपदा विशेषज्ञ प्रियेश रंजन मालवीय ने बताया कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को दैवीय आपदा राहत मद से चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित