हमीरपुर , सितंबर 01 -- उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में यमुना और बेतवा नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी अभिषेक कुमार गोयल ने मंगलवार को मानकविहीन नावों के संचालन पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से नियमित पेट्रोलिंग करने तथा नदी किनारे और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्षा तथा बांधों से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के कारण दोनों नदियों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए छोटी अथवा असुरक्षित नावों के संचालन पर प्रभावी रोक लगाई जाए। ऐसी नावों के संचालन के मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
श्री गोयल ने नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों, नाविकों और मत्स्य आखेट करने वाले लोगों से संवाद स्थापित कर उन्हें जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नदी से पर्याप्त दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में इन निर्देशों के अनुपालन की नियमित निगरानी करने को कहा। साथ ही किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित