तिरुवनंतपुरम , अप्रैल 04 -- केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता जे. पी. नड्डा ने शनिवार को केरल में पार्टी के चुनाव अभियान को तेज करते हुए वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) दोनों पर तीखा हमला बोला।

श्री नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं जनता को संबोधित करते हुए एलडीएफ और यूडीएफ " को एक ही सिक्के के दो पहलू" बताया और उन पर भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और कुशासन का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि यद्यपि दोनों मोर्चे राज्य में खुद को प्रतिद्वंद्वी के रूप में पेश करते हैं लेकिन वे अक्सर संसद में एक साथ काम करते हैं। उन्होंने मतदाताओं से उनके "दोहरे मापदंड" को समझने का आग्रह किया।

उन्होंने सहकारी बैंक धोखाधड़ी और मंदिर की संपत्ति के दुरुपयोग के आरोप भी लगाए और दोनों गठबंधनों पर किसानों और श्रद्धालुओं के हितों की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि यदि राज्य में राजग सरकार सत्ता में आती है तो ऐसी अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले श्री नड्डा ने श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर का दौरा किया और देश की प्रगति और जनता के कल्याण के लिए प्रार्थना की। उन्होंने इस यात्रा को "अत्यंत दिव्य अनुभव" बताया और कहा कि मंदिर का शांत वातावरण मन को शांति और कृतज्ञता से भर देता है। बाद में उन्होंने तिरुवनंतपुरम में एक रोड शो में भाग लिया और लोगों को उनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा कि केरल के लोग एलडीएफ और यूडीएफ की लगातार सरकारों के कुशासन एवं भ्रष्टाचार से निराश हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मतदाता नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों में एनडीए का समर्थन करेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के "विकसित केरल" के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित