मीरपुर , मई 08 -- कप्तान नजमुल शांतो (101), मोमिनुल हक (91) और मुशफिकुर रहीम (नाबाद 48) की शानदार पारियों के दम पर बंगलादेश ने पहले टेस्ट मैच के पहले दिन शुक्रवार को पाकिस्तान के खिलािफ स्टंप के समय चार विकेट पर 301 रन बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
आज यहां पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी बंगलादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने मात्र 31 रन के स्कोर तक अपने दो विकेट गंवा दिये। महमुदुल हसन जॉय (आठ) और शादमान इस्लाम (13) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद नजमुल शांतो और मोमिनुल हक की जोड़ी ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 170 रन जोड़े। 53वें ओवर में मोहम्मद अब्बास ने शतक बना चुके नजमुल शांतो को पगबाधा आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। शांतो ने 130 गेंदों में 12 चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 101 रन बनाये। इसके बाद 74वें ओवर में नोमान अली ने शतक की ओर बढ़ रहे मोमिनुल हक का शिकार कर लिया। मोमिनुल हक ने 200 गेंदों में 10 चौके लगाते हुए 91 रन बनाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित