नयी दिल्ली , मई 01 -- राष्ट्रीय राजधानी के नजफगढ़ के जाफरपुर कलां में युवक की कथित पुलिस गोलीबारी में मौत के मामले ने राजनीति गर्मा गयी है। दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए सवाल उठाया कि क्या दिल्ली में बिहारी होना गुनाह है।

श्री यादव ने कहा कि किसी को क्षेत्रीय पहचान के आधार पर मार देना सभ्य समाज के लिए शर्मनाक है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्वांचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रो. सुधांशु कुमार के नेतृत्व में पीड़ित परिवार से मिला और संवेदना व्यक्त की। आरोप है कि दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने जन्मदिन मना रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी और आपत्तिजनक टिप्पणी भी की। श्री यादव ने कहा कि बिहार के लोग भी देश के समान नागरिक हैं और दिल्ली के निर्माण में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने केंद्र और दिल्ली सरकार पर चुप्पी साधने का आरोप लगाते हुए कहा कि चार दिन बाद भी कोई मंत्री परिवार से मिलने नहीं पहुंचा।

पीड़ित परिवार ने दोषी को फांसी, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और एक करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित