पटना , फरवरी 11 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने अधिकारियों को उच्च न्यायालय में लंबित मामलों को छोड़कर शेष सभी अवैध होर्डिंग्स 24 घंटे के भीतर हटाने और अवैध पार्किंग तत्काल प्रभाव से बंद कराने का निर्देश दिया हैश्री सिन्हा ने नगर विकास एवं आवास विभाग की समीक्षा बैठक में पटना नगर क्षेत्र में अवैध रूप से लगे सैकड़ों होर्डिंग्स और अवैध रूप से संचालित पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट आदेश दिया है कि उच्च न्यायालय में लंबित मामलों को छोड़कर शेष सभी अवैध होर्डिंग्स 24 घंटे के भीतर हटा दिए जाएं तथा अवैध पार्किंग तत्काल प्रभाव से बंद कराई जाए।

उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने सख्त शब्दों में कहा कि अवैध होर्डिंग और अवैध पार्किंग के नाम पर चल रही माफियागिरी अब किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इससे राज्य सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। इसमें जो भी व्यक्ति या समूह संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

श्री सिन्हा ने अधिकारियों से पूछा कि लगभग 15 दिन पूर्व विभाग से जारी आदेश के बाद क्या कार्रवाई हुई। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 18 अवैध होर्डिंग हटाए जा चुके हैं और आगे की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों ने इससे भी अवगत कराया कि पटना में अवैध होर्डिंग्स के लगभग 20 मामले उच्च न्यायालय में लंबित हैं।

उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इन मामलों की शीघ्र सुनवाई के लिए विद्वान महाधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय से अनुरोध किया जाए, जिससे कार्रवाई में विलंब न हो।

उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट कर दिया कि यह अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राजस्व संरक्षण और शहरी व्यवस्था को दुरुस्त करने की दिशा में एक सख्त और निर्णायक कदम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए और प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित