बारां , सितम्बर 30 -- राजस्थान में नगर परिषद बारां में कार्य विभाजन, विकास कार्यों और वार्डों की मूलभूत समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पार्षद दल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा के जिला महामंत्री राकेश जैन ने बुधवार को कहा कि वार्डों में सफाई, बिजली और सडकों की मरम्मत जैसी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान होना चाहिए। उन्होंने पार्षदों की शिकायतों का 24 घंटे में निस्तारण सुनिश्चित करने और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि नगर परिषद में कुछ कर्मचारियों से उनके मूल पद के विपरीत कार्य करवाए जा रहे हैं। ज्ञापन में भाजपा पार्षद दल ने झालावाड़ ओवरब्रिज के नीचे सड़क एवं नाला निर्माण के लिए श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उन्नयन योजना के तहत स्वीकृत डेढ़ करोड़ रुपए के कार्यों के टेंडर शीघ्र जारी करके काम शुरू कराने, वार्डों की आवश्यकता के अनुसार सड़क एवं अन्य विकास कार्यों के लिए पार्षदों की अनुशंसा पर राशि स्वीकृत करने की मांग भी की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित