मुरैना , मई 14 -- मध्यप्रदेश के मुरैना नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार और महापौर को बर्खास्त करने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस के आह्वान पर आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
जिला कांग्रेस द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता महादेव नाका पर एकत्रित हुए और वहां से रैली के रूप में महापौर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नगर निगम कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता कचरा वाहन में कचरा भरकर लाए और उसे नगर निगम कार्यालय परिसर में डालकर विरोध जताया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम में विकास कार्यों के नाम पर व्यापक भ्रष्टाचार किया जा रहा है और शहरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतों के बावजूद अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं, जिससे जनता परेशान है।
कांग्रेस ने नगर निगम में हुए कथित भ्रष्टाचार की जांच कर महापौर सारदा सोलंकी को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। बाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन के अधिकारियों को सौंपा। प्रदर्शन में ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष मधुराज तोमर, पूर्व विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार, कांग्रेस पार्षदों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित