भीलवाड़ा , मार्च 19 -- राजस्थान में भीलवाड़ा शहर में नगर निगम के दल ने कुवाड़ा खान क्षेत्र में बेशकीमती जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुवाड़ा खान स्थित जांगिड़ छात्रावास के पास निगम की स्वामित्व वाली जमीन पर कुछ भू-माफियाओं और स्थानीय लोगों द्वारा अवैध रूप से कब्जा करने की नीयत से नींव भर दी गई थी। इसकी सूचना मिलते ही गुरुवार को अतिक्रमण निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध रूप से भरी गई नींव को ध्वस्त कर दिया। करीब 50 लाख रुपये की सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया।
निगम के सूत्रों ने बताया कि मोखमपुरा खेड़ी क्षेत्र से भी निगम प्रशासन को गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई हैं। बताया जा रहा है कि वहां सार्वजनिक उद्यान की आरक्षित जमीन पर कुछ लोगों द्वारा अवैध निर्माण और कब्जे की कोशिश की जा रही है। निगम सूत्रों के अनुसार, इस शिकायत की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही वहां भी कार्रवाई करने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित