यमुनानगर , सितंबर 12 -- हरियाणा के यमुनानगर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होते ही नगर निगम ने शहर में बिगड़ी सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए आज विशेष सफाई अभियान चलाया।

महापौर सुमन बहमनी और नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देश पर निगम के चारों मुख्य सफाई निरीक्षक, सभी सफाई निरीक्षक, सैकड़ों सफाई कर्मचारी, 22 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, चार डंपर, दो जेसीबी और चार लोडर सड़कों पर उतरे और शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे कचरे के ढेर साफ किए।

नगर निगम ने रेलवे रोड, वर्कशॉप रोड, जगाधरी रोड, मॉडल टाउन सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे कचरे के बड़े ढेर जेसीबी और लोडर की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों व डंपर में लोड कर कचरा प्लांट पहुंचाए। कचरा हटाने के बाद दुर्गंध को खत्म करने के लिए चूने का छिड़काव भी कराया गया।

महौपार सुमन बहमनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था जल्द से जल्द सामान्य की जाए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे खुले में कूड़ा न फेंकें और निगम की डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों में ही कचरा डालें। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने बताया कि मुख्य बाजारों, सड़कों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष टीमें लगाई गई हैं और अतिरिक्त मशीनरी की मदद से तेजी से कूड़ा उठाने का कार्य जारी है। एक से दो दिन में सफाई व्यवस्था पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी। उन्होंने लोगों से सूखा और गीला कचरा अलग-अलग एकत्रित कर निगम के वाहन को देने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित