जयपुर , मार्च 25 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में नगर निगम द्वारा बुधवार को स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

नगर निगम जयपुर की स्वच्छता टीम द्वारा जगतपुरा जोन के वार्ड संख्या 67 स्थित वृंदा अपार्टमेंट में आरडब्ल्यूए, ईको क्लब एवं बिसलेरी टीम के सहयोग से यह आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अपार्टमेंट के निवासियों को रिसाइकल किए गए प्लास्टिक के पुनः उपयोग से उपयोगी वस्तुएं बनाने के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही 4-बिन प्रणाली के बारे में समझाते हुए विभिन्न प्रकार के कचरे एवं उसके उचित पृथक्करण (सेग्रीगेशन) की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया गया, ताकि कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाया जा सके।

इस अवसर पर बच्चों ने स्वच्छता एवं प्रकृति संरक्षण विषय पर आकर्षक चित्र बनाकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्हें स्वच्छता बनाए रखने एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम में नागरिकों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए प्रेरित किया गया तथा इसके स्थान पर कपड़े के थैलों जैसे पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की सलाह दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित