जयपुर , सितम्बर 10 -- राजस्थान में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के तहत नगर निगम जयपुर के 150 वार्डों में शुक्रवार को होने वाले मतदान के लिए गुरुवार को मतदान दलों को संबंधित मतदान कन्द्रों के लिए रवाना किया गया।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी सीकर रोड, जयपुर से इन मतदान केन्द्रों को रवाना किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी (निकाय) संदेश नायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि मतदान केन्द्रों पर मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, स्वतंत्र, सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जायें। नगर निगम जयपुर में शुक्रवार को प्रातः सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा।

जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में 2256 मतदान केन्द्र निर्धारित किये गये हैं। इनमें 2204 मुख्य मतदान केन्द्र तथा 52 सहायक मतदान केन्द्र शामिल हैं। इन मतदान केन्द्रों पर कुल 24 लाख 33 हजार 210 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 12 लाख 61 हजार 431 पुरुष, 11 लाख 71 हजार 687 महिला तथा 92 अन्य मतदाता शामिल हैं। मतदान केन्द्रों के लिए 827 मतदान भवन निर्धारित किये गये हैं।

प्रथम पारी में बगरू, सांगानेर, विद्याधर नगर, झोटवाड़ा एवं हवामहल निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान दलों को रवाना किया गया वहीं द्वितीय पारी में मालवीय नगर, आदर्श नगर, किशनपोल, सिविल लाइन्स एवं आमेर निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान दलों की रवानगी की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित