जयपुर , सितम्बर 16 -- राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के तहत नगर निगम जयपुर के वार्ड संख्या नौ, अठारह, पच्चीस एवं चौतीस में बुधवार को पुनर्मतदान शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो गया जहां करीब 70 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि वार्ड संख्या नौ के बूथ संख्या 111, वार्ड संख्या 18 के बूथ संख्या 235, वार्ड संख्या 25 के बूथ संख्या 343 तथा वार्ड संख्या 34 के बूथ संख्या 477 एवं 484 पर पुनर्मतदान कराया गया। वार्ड संख्या नौ में 73.22 प्रतिशत ,वार्ड संख्या 18 में 72 प्रतिशत, वार्ड संख्या 25 में 81.63 प्रतिशत जबकि वार्ड संख्या 34 में 61.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि पांचों मतदान केन्द्रों पर 6253 मतदाताओं में से 4372 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया जो 69.92 प्रतिशत मतदान रहा। उल्लेखनीय है कि सोमवार को नगरीय निकाय चुनाव की मतगणना में इन वार्डों के पांच मतदान केन्द्रों की इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में तकनीकी खराबी के चलते यह पुनर्मतदान कराया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित