अलवर , सितम्बर 08 -- राजस्थान के अलवर में पुलिस ने बुधवार को नगर निगम चुनाव के लिये हो रहे मतदान के मद्देनजर मंगलवार को फ्लैग मार्च निकाला।
जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देशन में निकाले गए इस फ्लैग मार्च में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय डॉ. दीपक कुमार सहित पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शिरकत की।
फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने शहरवासियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों को भी स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी, दबाव या माहौल बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहर के विभिन्न इलाकों में मार्च करके आदर्श आचार संहिता की पालना, कानून व्यवस्था और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने का संदेश दिया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि निगम चुनाव के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी रहेगी और मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को मुस्तैद रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित