चंडीगढ़ , मई 29 -- शिरोमणि अकाली दल पुनर-सुरजीत के अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने शुक्रवार को कहा है कि उनकी पार्टी ने 26 मई को हुए नगर निगम चुनावों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है और कई स्थानों पर जीत दर्ज कर अपनी मजबूत जनाधार का प्रमाण दिया है।

यहां जारी एक प्रेस बयान में ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने भी पिछली सरकारों की तरह चुनाव जीतने के लिए धक्केशाही और सरकारी दबाव का सहारा लिया। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों को एनओसी देने और नामांकन दाखिल करने से रोका गया, जबकि मतगणना के दौरान भी गड़बड़ियों की खबरें सामने आईं। उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों के कारण ये चुनाव 2027 विधानसभा चुनावों से पहले 'गुंडागर्दी का सेमीफाइनल' बन गये। इसके बावजूद शिरोमणि अकाली दल पुनर-सुरजीत ने कई नगर निगमों, नगर पंचायतों और नगर परिषदों में आजाद उम्मीदवारों के रूप में चुनाव लड़कर जीत हासिल की।

ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने दावा किया कि यदि सरकारी दबाव और विरोधियों द्वारा पार्टी को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा नहीं की जाती, तो पार्टी की जीत और भी बड़ी होती। उन्होंने चुनाव में जीत हासिल करने वाले सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों को बधाई दी तथा पार्टी पर विश्वास जताने वाले मतदाताओं का दिल से धन्यवाद किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित