भरतपुर , मार्च 07 -- राजस्थान में भरतपुर जिला मुख्यालय पर स्वच्छता रैंकिंग को सुधारने के लिए नगर निगम द्वारा शहर में की जा रही तोड़फोड़ एवं व्यापारियों के साथ अभद्र व्यवहार को लेकर शनिवार को शहर में नगर निगम के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
नगर निगम की इस कार्रवाई से आक्रोशित व्यापारियों ने प्रदर्शन के दौरान आरोप लगाया कि कन्नी गुर्जर चौराहा क्षेत्र में शनिवार को नगर निगम ने कार्रवाई के नाम पर उनके सामान को तोड़ा और व्यापारियों को गलियां दी। दुकान के बाहर लगे पर्दाें को फाड़ दिया गया। नगर निगम की टीम द्वारा किये गये नुकसान पर जब आपत्ति दर्ज कराने की कोशिश की गयी, तो निगम की टीम गुंडई पर उतारू हो गयी।
गोलबाग रोड़ व्यापार संघ ने आरोप लगाया है कि नगर निगम की टीम ने व्यापारियों को कार्रवाई से पहले कोई सूचना नहीं दी। आते ही नगर निगम की टीम ने व्यापारियों की दुकान के बाहर रखा सामान उठा लिया। पर्दों को फाड़ दिया। व्यापारियों को गालियां दी। अभद्र भाषा में बात की गयी। व्यापारी नगर निगम भी पहुंचे, लेकिन कोई अधिकारी नहीं मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित