बुरहानपुर , अगस्त 21 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर शहर में धड़ल्ले से बिक रही अवैध एवं अमानक पॉलीथिन पन्नी के खिलाफ नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए बस स्टैंड स्थित मदीना होटल पर छापा मारकर करीब 12 किलो अमानक पन्नी जब्त की। होटल संचालक पर 10 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया गया।
नगर निगम को शहर में लंबे समय से अवैध एवं अमानक पन्नी की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा ने मुखबिर की सूचना पर रात्रि करीब नौ बजे बस स्टैंड क्षेत्र स्थित मदीना होटल में कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान होटल से करीब 12 किलो अमानक पॉलीथिन पन्नी बरामद की गई। निगम की अचानक हुई कार्रवाई से होटल संचालकों एवं दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि प्रतिबंधित एवं अमानक पन्नी का विक्रय करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रखी जाएगी। कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त स्वर्णिका वर्मा, सेक्टर अधिकारी एवं उप स्वास्थ्य अधिकारी गणेश पाटिल, सेक्टर अधिकारी विजय रायसरदार सहित निगम कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित