बाड़मेर , सितंबर 30 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को बाड़मेर, जैसलमेर और बालोतरा में नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शानदार प्रदर्शन के लिए कार्यकर्ताओं एवं निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा है कि प्रदेश के दो सौ से अधिक नगरीय निकायों में भाजपा ने अपना बोर्ड बनाया है जो यह ऐतिहासिक विजय संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम हैं।

श्री शर्मा ने बुधवार को बाड़मेर जिले में एक कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा, "बाड़मेर के दोनों निकायों में हम विजयी रहे और 15 वर्षों बाद यहां भाजपा का बोर्ड बना है। चौहटन में तो कांग्रेस का खाता भी नहीं खुल सका है वहीं जैसलमेर में वर्षों बाद भाजपा का बोर्ड बना तथा बालोतरा के सभी सातों निकायों में हमारे बोर्ड बने हैं। यह व्यापक जनादेश राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे शानदार विकास कार्यों के प्रति जनता के सकारात्मक समर्थन को दर्शाता है।"मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार हर क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। राज्य सरकार द्वारा पौने तीन वर्षों में बाड़मेर में तीन हजार 907 करोड़ रुपये, बालोतरा में 34 हजार 695 करोड़ रुपये और जैसलमेर में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों से क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केन्द्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और संगठन का संदेश अंतिम छोर तक पहुंचायें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि नगर निकाय चुनावों में मिली जीत की ऊर्जा लेकर अब वे उसी जोश और दृढ़ता से पंचायती राज चुनावों में जुटें और हर गांव, हर ढाणी में विकास का कमल खिलाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित