जोधपुर , सितंबर 13 -- केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने विश्वास जताया हैं कि प्रदेश में नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।

श्री शेखावत रविवार को हवाई अड्डे पर मीडिया से बातचीत में कहा कि सभी निकायों में भाजपा जीत हासिल करेगी और पूरे बहुमत तथा बड़े अंतर के साथ भाजपा के बोर्ड बनेंगे। निगम चुनाव के उम्मीदवारों की बाड़ेबंदी को लेकर पूछे गए सवाल पर श्री शेखावत ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर को 'बाड़ेबंदी' कहना जनप्रतिनिधियों का अपमान होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की परंपरा रही है कि कार्यकर्ताओं को समय-समय पर प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि वे नए दायित्व और नई भूमिका के साथ बेहतर ढंग से काम कर सकें।

उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए परिश्रम और राजनीतिक गतिविधियों से बाहर निकलकर कार्यकर्ताओं को नया अनुभव और नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से ऐसे प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाते हैं। यह पार्टी की संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है।

नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर श्री शेखावत ने कहा कि कांग्रेस के सामने इस तरह के विषय उठाना ही प्रमुख मुद्दा है। आने वाले दिनों में कांग्रेस की ओर से ईवीएम से चुनाव, बुजुर्गों के लिए अलग व्यवस्था नहीं होने जैसे आरोप भी सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आने तक इस तरह के आरोपों का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित