चंडीगढ़ , मई 11 -- कांग्रेस ने पंजाब में 26 मई को होने वाले नगर निकाय चुनावों की घोषणा का स्वागत करते हुए दावा किया है कि पार्टी राज्यभर में अच्छा प्रदर्शन करेगी।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि पंजाब राज्य चुनाव आयोग द्वारा स्थानीय निकाय चुनावों की घोषणा का स्वागत है और कांग्रेस इन चुनावों में पूरे राज्य में बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने साथ ही चुनाव आयोग से स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने की मांग की।
राजा वड़िंग ने आरोप लगाया कि पिछले स्थानीय निकाय चुनावों में प्रशासन और पुलिस ने सत्तारूढ़ दल के पक्ष में काम किया था। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यह वर्ष 2026 है और अगले विधानसभा चुनाव में नौ महीने से भी कम समय बचा है। कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है, इसलिए किसी भी प्रकार की पक्षपातपूर्ण कार्रवाई को भुलाया नहीं जाएगा।
उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सलाह दी कि वे बिना किसी डर या दबाव के ईमानदारी और निष्पक्षता से अपनी जिम्मेदारी निभायें। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है और नगर निकाय चुनाव उसकी राजनीतिक विदाई की आखिरी कील साबित होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित