पटना, फरवरी 23 -- टना के नगर आयुक्त यशपाल मीणा की अध्यक्षता में सोमवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की स्वच्छता, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित विकास को और सुदृढ़ बनाने के लिये कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।

नगर आयुक्त श्री मीणा ने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों, एक्जीक्यूटिव इंजीनियरों एवं सफाई निरीक्षकों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने वार्डों में नियमित भ्रमण कर मैनहॉल की स्थिति का भौतिक सत्यापन करें।जहां आवश्यकता हो, वहां तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए,अत्यधिक क्षतिग्रस्त मैनहॉल को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाए,की गई कार्रवाई की विस्तृत प्रतिवेदन निर्धारित में मुख्यालय को उपलब्ध कराया जाए।

पटना नगर निगम क्षेत्र में भवनों की छतों एवं दीवारों पर लगे होर्डिंग एवं बैनरों की बिल्डिंग बायलॉज के अनुरूप जांच करने का निर्देश दिया गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों/एजेंसियों को नोटिस जारी करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वर्ष 2014 में अधिसूचित नगर निगम विनियमों के आलोक में सड़कों पर खुले में मांस एवं मछली विक्रय पर रोक सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। संबंधित टीमों को नियमित निरीक्षण कर उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता, नागरिकों की सुरक्षा एवं योजनाबद्ध शहरी विकास निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा बैठक में अपर नगर आयुक्त , उप नगर आयुक्त , सभी कार्यपालक पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित