पटना, जुलाई 21 -- टना नगर निगम के नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने मंगलवार को पटना नगर निगम संयुक्त कर्मचारी समन्वय समिति के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह के नेतृत्व में आए 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। बैठक में सफाईकर्मियों के विकास, सेवा संबंधी सुविधाओं और उनके सम्मानजनक जीवन को सुनिश्चित करने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में स्थायी कर्मचारियों की तरह दैनिक सफाईकर्मियों की भी सेवा संचिका (सर्विस रिकॉर्ड) नियमित रूप से अद्यतन किए जाने पर चर्चा हुई।

नगर आयुक्त ने उप नगर आयुक्त (स्थापना) को निर्देश दिया कि निगम के सभी अंचलों एवं मुख्यालय में कार्यरत दैनिक सफाईकर्मियों की सेवा संचिका में उनकी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता, अवकाश का विवरण तथा अन्य आवश्यक अभिलेख समय-समय पर अपडेट किए जाएं, ताकि सभी कर्मचारियों का रिकॉर्ड व्यवस्थित एवं अद्यतन रहे।

बैठक में कर्मचारी समन्वय समिति की ओर से सफाईकर्मियों के श्रेणीकरण में संशोधन का प्रस्ताव भी रखा गया। वर्तमान में पटना नगर निगम में कर्मचारियों को कुशल एवं अतिकुशल श्रेणी में वर्गीकृत कर वेतन का भुगतान किया जाता है। समिति के अध्यक्ष ने कुछ सफाईकर्मियों को उनकी कार्यकुशलता एवं योग्यता के आधार पर अर्धकुशल श्रेणी में शामिल करने की मांग की।

उन्होंने बताया कि वर्तमान व्यवस्था के तहत ई-कार्ट एवं डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों के चालकों को कुशल तथा बड़े वाहनों के चालकों को अतिकुशल श्रेणी में रखा गया है। समिति ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन चालकों को अर्धकुशल श्रेणी में वर्गीकृत करने का प्रस्ताव नगर आयुक्त के समक्ष रखा।

बैठक में दैनिक मजदूरों के नियमितीकरण, कर्मचारियों को देय एसीपी/एमएसीपी लाभों पर लगी रोक तथा अन्य सेवा संबंधी मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन विषयों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित