पटना , जून 17 -- नगर आयुक्त यशपाल मीणा के निर्देश पर पटना नगर निगम के वरीय पदाधिकारियों ने बुधवार को कंकड़बाग अंचल अंतर्गत वार्ड संख्या 29, 30, 31 एवं 32 का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस निरीक्षण में संबंधित वार्डों के पार्षद भी उपस्थित रहे। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में जलजमाव की समस्या, सड़क पुनर्स्थापन कार्यों की प्रगति, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट की स्थिति तथा साफ-सफाई एवं कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था का आकलन करना था।
निरीक्षण के दौरान करबिगहिया, चांदमारी रोड, अशोक नगर, प्रगति नगर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कर स्थानीय समस्याओं का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
चांदमारी रोड के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को अवगत कराया गया कि क्षेत्र में जलापूर्ति से संबंधित अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके हैं। निरीक्षण के दौरान पार्षद एवं स्थानीय नागरिकों ने बताया कि निर्माणाधीन बॉक्स नाले के ऊपर स्थित बिजली के पोल जल निकासी व्यवस्था में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं, जिसके कारण बरसात के मौसम में जलजमाव की आशंका बनी रहती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नल-जल योजना के अंतर्गत हाउस-टू-हाउस कनेक्शन कार्य तथा सड़क पुनर्स्थापन कार्य आगामी सात दिनों के भीतर हर हाल में पूर्ण किए जाएं। साथ ही बॉक्स नाले के मार्ग में अवस्थित चिन्हित विद्युत पोलों को संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर शीघ्र हटवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अशोक नगर तिराहे के समीप निरीक्षण के दौरान पार्षद द्वारा अवगत कराया गया कि बारिश के दौरान उक्त क्षेत्र में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए रोड नंबर-13 के निकट स्थित दो चैंबरों को आपस में जोड़ने की आवश्यकता बताई गई।
इस संबंध में कार्यपालक अभियंता को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ करने तथा जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिये कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान शकुंतला मैरेज हॉल के समीप एक खुला नाला पाया गया। पार्षद ने अधिकारियों को बताया कि खुले नाले के कारण स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है तथा दुर्घटना की संभावना भी बनी रहती है।
स्थिति का संज्ञान लेते हुए कार्यपालक अभियंता को पथ निर्माण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर उक्त नाले को प्राथमिकता के आधार पर ढकवाने तथा सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रगति नगर स्थित निर्माणाधीन ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि निर्माण कार्य के कारण पटना नगर निगम के पूर्व से संचालित नाले के कुछ हिस्सों को अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे जल निकासी प्रभावित हो रही है।
इस पर संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बुडको के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आगामी दो दिनों के भीतर नाले में मौजूद सभी अवरोधों को हटाया जाए। साथ ही नाले की समुचित सफाई कराकर आवश्यक ग्रेटिंग कार्य भी सुनिश्चित किया जाए, जिससे वर्षा ऋतु में जल निकासी सुचारू रूप से बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर जवाबदेही तय की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 29 के पार्षद विकास कुमार, वार्ड संख्या 30 की पार्षद श्रीमती कावेरी सिंह, वार्ड संख्या 31 की वार्ड पार्षद श्रीमती राधा शर्मा तथा वार्ड संख्या 32 की वार्ड पार्षद श्रीमती पिंकी देवी उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त अपर नगर आयुक्त (सफाई), अपर नगर आयुक्त (योजना), कार्यपालक पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी भी निरीक्षण में शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित