पटना , मई 26 -- टना नगर निगम की ओर से दूसरे चरण के अंतर्गत सभी अंचलों में नाला उड़ाही का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। निर्धारित कार्ययोजना के तहत अब सभी नालों, मैनहोल एवं कैचपिट की नियमित सफाई के लिये लगातार मॉप-अप अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रत्येक वार्ड में अधिकतम 20 अतिरिक्त मजदूरों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मुख्यालय स्तर से भी सफाई कार्यों की निरंतर समीक्षा की जा रही है।
इसी क्रम में मंगलवार को नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने राजीव नगर नाला एवं बाइपास नाले की साफ-सफाई कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने वार्ड 26 एवं 27 में संचालित जलापूर्ति परियोजनाओं का भी भौतिक निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने निर्माणाधीन राजीव नगर नाले की सफाई पोकलेन मशीन के माध्यम से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य के दौरान नाले के समीप स्थित बिजली के तारों से किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए विद्युत प्रमंडल से समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाए।
बाइपास नाले के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के संबंधित अभियंताओं से समन्वय स्थापित करते हुए 31 मई तक संबंधित क्षेत्र में कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया, जिससे मेट्रो निर्माण कार्य के कारण जिन हिस्सों की समुचित सफाई नहीं हो सकी है, वहां नगर निगम द्वारा गहन सफाई अभियान चलाया जा सके।
निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त ने बांस घाट स्थित काली मंदिर के समीप निर्माणाधीन पंप हाउस तथा वार्ड 26 एवं 27 में चल रही पाइपलाइन से संबंधित 12 परियोजनाओं का भी स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित