पटना , जुलाई 11 -- टना नगर निगम के नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने शनिवार को सभी अंचलों के कार्यपालक पदाधिकारियों एवं राजस्व कर्मियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने संपत्ति कर संग्रहण, नए संपत्तिकर धारकों की पहचान, आवासीय संपत्तियों के व्यावसायिक उपयोग की स्थिति तथा म्यूटेशन आवेदनों के निष्पादन सहित राजस्व से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की।
बैठक में संबंधित पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि नए संपत्तिकर धारकों की पहचान के लिए ऊर्जा विभाग से प्राप्त विद्युत उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबरों पर नियमित रूप से संपर्क किया जा रहा है। प्रतिदिन लगभग 200 से 250 उपभोक्ताओं से संपर्क स्थापित कर संपत्ति कर के दायरे में आने वाली नई संपत्तियों की पहचान की जा रही है।
नगर आयुक्त ने ऐसे मामलों की भी जांच कराने का निर्देश दिया, जिनकी प्रॉपर्टी आईडी आवासीय श्रेणी में पंजीकृत है, लेकिन उनका उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है।
म्यूटेशन आवेदनों की समीक्षा के दौरान राजस्व शाखा ने बताया कि लंबित आवेदनों में से 98 प्रतिशत से अधिक का निष्पादन किया जा चुका है। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि 35 दिनों से अधिक समय से लंबित सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा नियमित रूप से प्राप्त होने वाले नए आवेदनों का भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण किया जाए।
बैठक में नगर आयुक्त ने राजस्व संग्रहण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, राजस्व के सभी संभावित स्रोतों की पहचान करने तथा संपत्ति कर संग्रहण में वृद्धि के लिए निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित