पटना , मार्च 30 -- पटना नगर निगम की ओर से आगामी मानसून के दौरान वर्षा जल की सुचारू निकासी सुनिश्चित करने तथा जलजमाव एवं वर्षा जनित बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से वार्ड-वार मल्टी-लेयर्ड रिसोर्सिंग रणनीति के तहत नाला उड़ाही अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने सोमवार को विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे नाला उड़ाही कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाइपास नाला, मोठ नाला एवं एनएमसीएच कैंपस स्थित नालों में चल रहे उड़ाही कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को नाला उड़ाही के 24 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से सिल्ट उठाव एवं एंटी-लार्वा छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान मेट्रो निर्माण कार्य के कारण प्रभावित नालों एवं उनके डायवर्जन वाले हिस्सों की विशेष सफाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जहां-जहां मेट्रो परियोजना के कारण जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हुई है, वहां वैकल्पिक नालों की नियमित सफाई एवं उड़ाही की जाए, जिससे मानसून के दौरान जल-जमाव की स्थिति उत्पन्न न हो।

नगर आयुक्त ने पटना मेट्रो की टीम द्वारा समन्वय स्थापित कर साफ-सफाई का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये।

पटना नगर निगम की ओर से सर्विस नालों एवं खुले नालों की नियमित साफ-सफाई के साथ-साथ शहर के सभी 53,585 मैनहोल एवं 41,572 कैचपिट की भी व्यापक सफाई कराई जा रही है।

मुख्यालय द्वारा सभी प्रमंडलों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करें, क्षतिग्रस्त मैनहोल एवं कैचपिट ढक्कनों को चिन्हित करें तथा उनकी शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करें, जिससे आम नागरिकों की सुरक्षा बनी रहे और जल निकासी व्यवस्था बाधित न हो।

पटना नगर निगम ने आम नागरिकों से अपील की है है कि वे अपने वार्ड में क्षतिग्रस्त अथवा खुले मैनहोल की सूचना निगम के हेल्पलाइन नंबर 155304 पर दर्ज कराएं,जिससे त्वरित कार्रवाई की जा सके।

निर्धारित समयसीमा के भीतर नाला उड़ाही कार्य पूर्ण कराने के उद्देश्य से सभी वार्डों के लिए आवश्यकतानुसार मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक वार्ड में सफाई निरीक्षकों को नोडल पदाधिकारी के रूप में नामित किया गया है, जिससे कार्य की नियमित निगरानी, समन्वय एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

गौरतलब है कि प्री-मानसून नाला उड़ाही का कार्य 30 अप्रैल 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित