पटना, जून 19 -- ानसून की संभावित सक्रियता एवं मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने शुक्रवार को राजीव नगर नाला परियोजना स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने एहतियातन शुक्रवार रात्रि से निर्माण कार्य को अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्देश दिया, ताकि वर्षा के दौरान जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित न हो तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना क्षेत्र से जुड़े सभी शाखा नालों (ब्रांच ड्रेन्स) को मुख्य नाले से तत्काल जोड़ते हुए जल प्रवाह की व्यवस्था को सुचारु एवं सामान्य स्थिति में बहाल किया जाए। साथ ही, निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हुए मशीनहोल तथा सड़क के हिस्सों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश बुडको के परियोजना निदेशक को दिए गए, जिससे आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के क्रम में पार्षदों की उपस्थिति में बांकीपुर अंचल के वार्ड संख्या 36, 38, 41, 42, 43, 47 एवं 48 का व्यापक भ्रमण कर विभिन्न विकास एवं आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान चल रही जलापूर्ति परियोजनाओं की प्रगति का भी जायजा लिया गया, जिसकी गति संतोषजनक पाई गई। वार्ड संख्या 36 में लंबे समय से निष्क्रिय पड़े पुराने पंप हाउस को शीघ्र हटाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया, जिससे क्षेत्र में उपलब्ध स्थान का समुचित उपयोग किया जा सके।
इसके अतिरिक्त नगर आयुक्त ने भट्ठी रोड एवं सैदपुर संप हाउस का भी निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान प्रेमचंद गोलंबर के समीप चैंबर खुलवाकर नाला उड़ाही कार्य की स्थिति का स्थलीय परीक्षण किया गया। जांच के दौरान नाला सफाई एवं उड़ाही की वर्तमान स्थिति संतोषप्रद पाई गई तथा जल निकासी व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित होती पाई गई।
नगर निगम के अभियंताओं को निर्देश दिया गया कि सोमवार तक सभी क्रियान्वित सड़क संबंधी परियोजनाओं को हर हाल में पूर्ण किया जाए। स्पष्ट किया गया कि किसी भी परिस्थिति में सड़कों की खुदाई के लिए निर्धारित समय-सीमा (डेडलाइन) बढ़ाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि पूर्व के वर्षों में पीएमसीएच के मुख्य द्वार के समीप जलजमाव की समस्या बनी रहती थी। इस वर्ष नगर निगम द्वारा अस्पताल के मुख्य द्वार के पास स्थित नाले को सड़क के दूसरी ओर अवस्थित नाले से जोड़ दिया गया है। इस व्यवस्था के कारण इस वर्ष उक्त क्षेत्र में जलजमाव की संभावना नहीं है।
निरीक्षण के दौरान सैदपुर नाले की उड़ाही का कार्य असंतोषजनक पाया गया। साथ ही अंचल के विभिन्न स्थलों पर गंदगी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई गई। मुख्य सफाई निरीक्षक, नगर प्रबंधक एवं कार्यपालक पदाधिकारी को इस संबंध में स्पष्टीकरण नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान वार्ड 36 के पार्षद राजकपूर शर्मा, वार्ड 41 की पार्षद श्रीमती किरण देवी, वार्ड 42 की पार्षद श्रीमती किरण देवी, वार्ड 45 की वार्ड पार्षद श्रीमती प्रभा देवी, वार्ड 47 के पार्षद संतोष कुमार एवं वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित