पटना , जून 18 -- पटना नगर निगम के नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने गुरुवार को कंकड़बाग अंचल अंतर्गत वार्ड संख्या 33, 34, 35, 44, 45, 46 एवं 55 का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित वार्डों के पार्षदों एवं निगम के वरीय अधिकारियों के साथ जलनिकासी व्यवस्था, साफ-सफाई, नाला उड़ाही, अतिक्रमण, सड़क पुनर्स्थापन, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य नागरिक सुविधाओं की स्थिति का स्थल पर जाकर विस्तृत जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान कंकड़बाग कॉलोनी मोड़ स्थित रामसुंदर दास पार्क के समीप निर्माण एवं विध्वंस (सी एंड डी) सामग्री पाई गई। इस पर संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्य में लापरवाही के लिए वार्ड 33 के सफाई निरीक्षक, कंकड़बाग अंचल के मुख्य सफाई निरीक्षक एवं नगर प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगा गया। वहीं, वार्ड संख्या 44 के सफाई निरीक्षक निरीक्षण के समय अनुपस्थित पाए गए, जिसके लिओ उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
गायत्री मंदिर के सामने पथ निर्माण विभाग के अधीन सड़क के किनारे स्थित नाला क्षतिग्रस्त पाया गया। संबंधित विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए इसकी शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, जिससे वर्षा के दौरान जलनिकासी बाधित न हो।
साईं नेत्रालय, कंकड़बाग सेक्टर-ई एवं आसपास के क्षेत्रों में चैंबर खुलवाकर नाला उड़ाही कार्य का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान नालों की सफाई की स्थिति संतोषजनक पायी गई। हालांकि इसी क्षेत्र में बुडको द्वारा नव-निर्मित नाले के भीतर मलबा एवं निर्माण सामग्री पाई गई। नाला अभी चालू नहीं किया गया है, लेकिन निर्माण एवं विध्वंस सामग्री खुले में पड़े रहने पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई।
इस संबंध में सफाई निरीक्षक एवं नगर प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगा गया है तथा संबंधित क्षेत्र की तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया गया।
केंद्रीय विद्यालय रोड के निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि पथ निर्माण विभाग द्वारा यहां सड़क एवं नाला निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। कई जगहों पर कार्य पूर्ण हो गया है जिससे क्षेत्र में स्वतः जलनिकासी हो जाएगी। इसी क्रम में योगीपुर स्थित डीपीएस क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया तथा वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
पुराना बाईपास स्थित कांटी फैक्ट्री के समीप पथ निर्माण विभाग का नाला क्षतिग्रस्त अवस्था में पाया गया। संभावित दुर्घटना से बचाव के लिये तत्काल लाल कपड़े से घेराबंदी कराने तथा नाले की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वार्ड संख्या-46 में सड़क पुनर्स्थापन परियोजना की समीक्षा के दौरान कार्य की प्रगति अत्यंत धीमी पायी गई। इस पर असंतोष व्यक्त करते हुए कंकड़बाग प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता एवं कनीय अभियंता का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही दोनों अधिकारियों को आगामी एक सप्ताह तक रात्रि 12 बजे कंट्रोल रूम में उपस्थिति दर्ज कराने का निर्देश भी दिया गया।
निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या-34 के पार्षद कुमार संजीत, वार्ड संख्या-35 के पार्षद राजकुमार गुप्ता, वार्ड संख्या-45 की पार्षद श्रीमती प्रभा देवी, अपर नगर आयुक्त (सफाई), अपर नगर आयुक्त (योजना), कार्यपालक अभियंता (कंकड़बाग प्रमंडल), कार्यपालक अभियंता (जलापूर्ति), कार्यपालक अभियंता (विद्युत) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित