पटना, जून 22 -- गर आयुक्त ने सोमवार को पार्षदों के साथ पटना सिटी के विभिन्न वार्डों का व्यापक निरीक्षण किया।नगर आयुक्त ने इस दौरान जलजमाव, मानसून की तैयारियों तथा साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में पटना सिटी में गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन के निर्माण के लिये उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के लिए दीदारगंज के अंचलाधिकारी (सर्किल ऑफिसर) से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

मंगल तालाब परिसर के निरीक्षण के दौरान रविवार रात्रि हुई वर्षा के बाद जलजमाव की स्थिति पाई गई, जिसकी निकासी पंप की सहायता से की जा रही थी।

नगर आयुक्त ने तात्कालिक समाधान के रूप में ऐसी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे मानसून के दौरान परिसर में एकत्रित वर्षा जल का प्रवाह सीधे तालाब में हो सके।

निरीक्षण के दौरान तालाब के समीप स्थित मैदान में निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट तथा अवरुद्ध नाला पाया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल अपशिष्ट हटाने तथा नाले की सफाई कर जल प्रवाह सुचारु करने के निर्देश दिए।

चरखीपर क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान माननीय पार्षद द्वारा अवगत कराया गया कि पटना नगर निगम की भूमि पर असामाजिक तत्वों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया है। उक्त भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराते हुए उसकी बैरिकेडिंग कराने तथा पटना नगर निगम के स्वामित्व का सूचना बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 69 के माननीय पार्षद मनोज मेहता, वार्ड संख्या 70 के पार्षद विनोद कुमार, वार्ड संख्या 72 की पार्षद श्रीमती संध्या यादव सहित निगम के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित