पटना , जून 16 -- पटना नगर निगम के नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने मंगलवार को नूतन राजधानी अंचल अंतर्गत वार्ड संख्या 21, 28 एवं 37 का स्थलीय निरीक्षण कर जलनिकासी, साफ-सफाई एवं नाला प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान आर-ब्लॉक स्थित वीर कुंवर सिंह पार्क के समीप पुराने नाले की कम क्षमता के कारण उत्पन्न होने वाली जलजमाव की समस्या पर चर्चा की गई। वर्तमान में नगर निगम द्वारा पंप सेट के माध्यम से जलनिकासी कराई जाती है। समस्या के तात्कालिक समाधान के लिये सड़क किनारे कच्चे नाले का निर्माण कर उसे सर्पेंटाइन नाले से जोड़ने का निर्देश दिया गया। इसी क्रम में चंद्रकला गली में चैंबर खुलवाकर साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया, जिसकी स्थिति संतोषजनक पाई गई।
नेहरू नगर गोलंबर के समीप निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद द्वारा अवगत कराया गया कि ठेले पर खाद्य सामग्री बेचने वाले कुछ दुकानदारों एवं आसपास के होटलों द्वारा चैंबर खोलकर अपशिष्ट डाला जाता है। इसके कारण नियमित सफाई के बावजूद चैंबर जाम हो जाते हैं तथा जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित होती है। ऐसे दुकानदारों एवं प्रतिष्ठानों की पहचान कर उनके विरुद्ध जुर्माना लगाने का निर्देश दिया गया। साथ ही अंचल स्तर पर विशेष टीम गठित कर निरंतर निगरानी एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि तीन बार नोटिस दिए जाने के बाद भी गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की जाए।
रामगुलाम चौक के पास निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि बॉक्स नाला के निर्माण से इस क्षेत्र में जलजमाव की समस्या का प्रभावी समाधान हो गया है।
वार्ड संख्या 37 में बाकरगंज नाले के निरीक्षण के दौरान ढलाई किए गए हिस्से पर मिट्टी एवं गिट्टी का ढेर पाया गया, जिसे तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया। साथ ही नाले के कुछ हिस्सों में निर्माण कार्य के कारण अवरोध (ब्लॉकेज) भी पाए गए। अत: बुडको के साथ समन्वय स्थापित कर इन अवरोधों को शीघ्र हटाने तथा नाले में जलप्रवाह को सुचारु बनाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 21 की पार्षद श्रीमती श्वेता रंजन, वार्ड संख्या 28 के पार्षद विनय कुमार, वार्ड संख्या 37 के पार्षद प्रतिनिधि, अपर नगर आयुक्त (सफाई), नूतन राजधानी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी, नूतन राजधानी प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित