पटना , जनवरी 29 -- पटना के नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने गुरूवार को पाटलिपुत्र अंचल में निर्माणाधीन गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का स्थल निरीक्षण किया।
नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की।
नगर आयुक्त श्री मीणा ने संबंधित अभियंताओं एवं कार्य एजेंसियों को निर्देश दिया कि गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से शीघ्र पूर्ण किया जाए, जिससे क्षेत्र में कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि आधुनिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था शहर की स्वच्छता के लिए अत्यंत आवश्यक है।
गौरतलब है की पाटलिपुत्र अंचल में बन रहे गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन लगभग 50.65 मीटर x 35.0 मीटर के प्लान एरिया में विकसित किया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत ट्रांसफर स्टेशन शेड का निर्माण, शौचालय, ड्रेनेज व्यवस्था, गार्ड रूम जैसी आधारभूत सुविधाएँ विकसित की जाएँगी। कचरा प्रबंधन को अधिक दक्ष और वैज्ञानिक बनाने के लिए तीन कॉम्पैक्टर यूनिट, तीन हुक लोडर, छह कैप्सूल कंटेनर तथा डीजी सेट की व्यवस्था प्रस्तावित है, जिससे कचरे का संग्रहण एवं परिवहन निर्बाध रूप से हो सके। इसके अतिरिक्त वाहन का भार मापने हेतु वेटब्रिज भी स्थापित किया जाएगा। यह संपूर्ण व्यवस्था ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को सुदृढ़ करते हुए कचरा उठाव और सुरक्षित परिवहन की प्रक्रिया को तेज, पारदर्शी और प्रभावी बनाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित