पटना , मई 14 -- पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा की अध्यक्षता में गुरुवार को निगम क्षेत्र में चल रही पाइपलाइन, सड़क पुनर्स्थापन एवं अन्य सड़क निर्माण परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न प्रमंडलों में संचालित योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की गई।समीक्षा के दौरान नगर आयुक्त ने कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्देश जारी करते हुए कहा कि सड़क निर्माण एवं पुनर्स्थापन से जुड़ी परियोजनाओं की गुणवत्ता जांच अब पथ निर्माण विभाग द्वारा तथा जलापूर्ति एवं पाइपलाइन से संबंधित योजनाओं की जांच लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) द्वारा कराई जाएगी। इस संबंध में उन्होने वरीय पदाधिकारियों को संबंधित विभाग में पत्र भेजकर आग्रह करने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में जलापूर्ति प्रमंडल द्वारा निगम क्षेत्र में संचालित कुल 120 परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की गई। वर्तमान में 60 योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है, जबकि 28 योजनाओं का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त 10 योजनाओं के लिए कार्यादेश जारी किए गए हैं तथा 18 योजनाओं के लिए एलओए निर्गत किया जा चुका है। वहीं एक परियोजना एकरारनामा प्रक्रिया में है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित