पटना , जुलाई 01 -- ानसून के मद्देनज़र नगर आयुक्त ने बुधवार को पटना नगर निगम सभागार में गठित 19 क्विक रिस्पॉन्स टीमों के साथ समीक्षा बैठक की तथा जलजमाव की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।नगर आयुक्त ने सभी टीमों को अपने-अपने क्षेत्र के चिह्नित संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, सभी मैनहोल, कैचपिट एवं स्लैब की नियमित जांच करने तथा कहीं भी क्षति या अवरोध मिलने पर तत्काल संबंधित पदाधिकारी को सूचित करने का निर्देश दिया। साथ ही वर्षा शुरू होते ही बिना विलंब फील्ड में उतरकर जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

प्रत्येक क्विक रिस्पॉन्स टीम को एक-एक वाहन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे बारिश के दौरान टीमें लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर सकें और जलनिकासी कार्यों की निगरानी करते हुए आवश्यक कार्रवाई कर सकें। सभी टीमों को अपने क्षेत्र के ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन, नालों, अधिष्ठापित पंप सेटों तथा वहां कार्यरत कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित कर निर्बाध जलनिकासी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।

नगर आयुक्त ने बताया कि पटना नगर निगम के 75 वार्डों को 19 जोन में विभाजित कर प्रत्येक जोन में एक जोनल निरीक्षक एवं दो सफाई कर्मियों की क्विक रिस्पॉन्स टीम गठित की गई है। सभी टीमों को रेनकोट, टॉर्च, ग्लव्स सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण (सेफ्टी गियर) उपलब्ध कराए गए हैं।

मानसून के दौरान प्रभावी जलनिकासी, त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतर समन्वय पटना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित