वाराणसी , जून 22 -- वाराणसी शहर की स्वच्छता एवं सुंदरता को लेकर नगर निगम सजग है। इतना ही नहीं, स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ निगम कार्रवाई भी कर रहा है। इसी क्रम में गत दिनों निरीक्षण के दौरान पांडेयपुर एवं पहाड़ियां वार्ड में सड़कों, तालाबों और डिवाइडरों के पास व्यापक पैमाने पर गंदगी मिलने पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने दो सफाई निरीक्षकों का अगले आदेश तक वेतन रोकते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में दोनों सफाई निरीक्षकों से तीन कार्यदिवस के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त को पांडेयपुर वार्ड में काली माता मंदिर से पांडेयपुर फ्लाईओवर तक, फ्लाईओवर के ऊपर तथा डिवाइडर के किनारे व्यापक पैमाने पर गंदगी मिली। इस मामले में पांडेयपुर वार्ड से संबद्ध सफाई निरीक्षक सुजीत कुमार गुप्ता की कार्यप्रणाली में गंभीर शिथिलता एवं लापरवाही पाए जाने पर उनका वेतन रोक दिया गया है। इसी प्रकार पहाड़ियां वार्ड में स्थित तालाब, डिवाइडरों तथा अशोक विहार कॉलोनी के पार्क संख्या-4 के आसपास भारी मात्रा में कचरा और मलबा जमा मिला।
यहां केवल कोरम पूरा करने के लिए नाममात्र की सफाई की जा रही थी। इस घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता के लिए सारनाथ क्षेत्र से संबद्ध सफाई निरीक्षक अश्विनी कुमार वर्मा को जिम्मेदार ठहराते हुए उनका भी वेतन रोककर जवाब तलब किया गया है। बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कार्यों में शिथिलता बरतना अधिकारियों ने अनुशासनहीनता तथा निगम की छवि धूमिल करने वाला कृत्य माना है। ऐसे में नगर आयुक्त ने दोनों निरीक्षकों को चेतावनी दी है कि तीन दिन के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत न करने पर नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित