पटना , जून 03 -- शहरवासियों को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा विभिन्न एजेंसियों द्वारा संचालित विकास कार्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने पटना नगर निगम क्षेत्र में संचालित एवं प्रस्तावित जलापूर्ति परियोजनाओं का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। श्री मीणा ने निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 26 एवं 27 में जलापूर्ति से संबंधित विभिन्न बोरिंग, पाइपलाइन एवं पंप हाउस परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में नगर आयुक्त ने वार्ड संख्या 26 के मस्जिद गली, शिव मंदिर गली तथा बांस घाट के समीप स्थित काली मंदिर क्षेत्र का दौरा किया। इसके अतिरिक्त वार्ड संख्या 27 के पपिन गली एवं गंगा महल गली में प्रस्तावित एवं जलापूर्ति योजना का भी स्थल निरीक्षण किया गया। कुल पांच परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में बुडको द्वारा भी सड़क एवं नाला निर्माण की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, वहां निगम की जलापूर्ति से संबंधित सभी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि भविष्य में दोबारा खुदाई की आवश्यकता न पड़े और आम नागरिकों को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा नगर आयुक्त को अवगत कराया गया कि मस्जिद गली में पाइपलाइन बिछाने का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा शेष कार्य आगामी दो से तीन दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। वहीं शिव मंदिर गली में प्रस्तावित पाइपलाइन कार्य तथा पपिन गली से गंगा महल गली तक जलापूर्ति पाइपलाइन विस्तार योजना का कार्य अगले दो दिनों में प्रारंभ कर 10 जून तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित