पटना , मई 27 -- ीषण गर्मी को देखते हुए पटना नगर निगम क्षेत्र में जलापूर्ति से संबंधित स्वीकृत पाइपलाइन एवं बोरिंग परियोजनाओं की नगर आयुक्त की ओर से नियमित समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को नगर आयुक्त ने अपने कार्यालय कक्ष में जलापूर्ति प्रमंडल के अंतर्गत संचालित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति एवं वस्तुस्थिति की समीक्षा सहायक एवं कनीय अभियंताओं के साथ बैठक कर की।

बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए उन सभी चालू परियोजनाओं को, जिनमें सड़क खोदने की आवश्यकता है, 10 जून तक हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही पंप हाउसों का संचालन सुचारु रूप से जारी रहे, इसके लिए नियमित जांच एवं निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।

पटना नगर निगम के पास वर्तमान में 3600 लीटर क्षमता के कुल 13 वाटर टैंकर संचालित हैं। गर्मी के मौसम में बढ़ती पेयजल मांग को देखते हुए नगर आयुक्त ने अतिरिक्त टैंकर किराये पर लेकर इनकी संख्या बढ़ाकर 25 करने का निर्देश दिया है। साथ ही भीड़-भाड़ वाले एवं अधिक आवश्यकता वाले क्षेत्रों में टैंकर तैनात करने को कहा गया है।

नगर आयुक्त ने वाटर टैंकरों की नियमित सफाई, प्रतिदिन ताजा पानी भरने तथा पानी को दूषित होने से बचाने के लिए सभी टैंकरों के ढक्कनों को लॉक रखने के निर्देश भी दिए हैं।

वर्तमान में पटना नगर निगम के अधीन 186 पंप हाउस एवं लगभग 120 किलोमीटर लंबा पाइपलाइन नेटवर्क संचालित है। शहर के विस्तार एवं बढ़ती मांग को देखते हुए विभिन्न परियोजनाओं के अंतर्गत इस नेटवर्क का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित